News Lahar Reporter
जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित सोपोडेरा शांतिनगर में सोमवार सुबह एक नरकंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुनसान स्थान पर इंसानी हड्डियां मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलने पर परसुडीह थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और नरकंकाल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने शांतिनगर में नाले के किनारे मिट्टी में कुछ संदिग्ध अवशेष दबे हुए देखे। करीब जाकर देखने पर वह इंसानी हड्डियां प्रतीत हुईं। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और नरकंकाल को बरामद कर लिया।
परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कंकाल को जब्त किया है। शव पूरी तरह से डीकंपोज हो चुका है, जिसके कारण केवल हड्डियां ही बची हैं। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कंकाल किसी महिला का है या पुरुष का और उसकी मृत्यु कब हुई थी।
पुलिस अब आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जांच कर रही है ताकि कंकाल की पहचान की जा सके। हाल के महीनों में लापता हुए लोगों की सूची खंगाली जा रही है। वहीं, मौत के कारणों और मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए नरकंकाल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा।
पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।

