News Lahar Reporter
जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र में आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। हाल ही में रंगदारी को लेकर हुए हमले के बाद अब एक महिला से चेन और मोबाइल छिनतई का मामला सामने आया है। घटना बिरसानगर जोन नंबर वन बी की रहने वाली कुमारी सुमन के साथ हुई है।
जानकारी के अनुसार, 3 जून को बदमाशों ने कुमारी सुमन के गले से सोने की चेन छीन ली और उनका मोबाइल फोन भी लेकर फरार हो गए। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपित ने उनके साथ मारपीट भी की।
पीड़िता ने टेल्को थाना में दर्ज कराई गई शिकायत में मनीफीट निवासी दिलीप कुमार को घटना का आरोपी बताया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि दिलीप कुमार ने उनके साथ मारपीट की और चेन तथा मोबाइल छीनकर फरार हो गया।
मामले की प्राथमिकी दर्ज करने के बाद टेल्को थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि घटना के संबंध में ठोस साक्ष्य जुटाए जा सकें।
गौरतलब है कि जमशेदपुर में महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों में लगातार वृद्धि देखने को मिल रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

