News Lahar: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी के दौरान उस समय राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया, जब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद रेड स्थल पर पहुंच गईं। ईडी की यह कार्रवाई चुनावी रणनीतिकार संस्था इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमेटी (IPAC) के प्रमुख प्रतीक जैन के लाउडन स्ट्रीट स्थित आवास और कार्यालय पर की जा रही थी।
मुख्यमंत्री के पहुंचने से कुछ मिनट पहले ही कोलकाता पुलिस कमिश्नर मनोज वर्मा भी मौके पर मौजूद थे। ममता बनर्जी ने सीधे तौर पर केंद्र सरकार और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर हमला बोलते हुए जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया।
ममता बनर्जी का आरोप क्या है
ममता बनर्जी कुछ ही देर में प्रतीक जैन के घर से बाहर एक हरी फाइल लेकर निकलीं और मीडिया से बातचीत में कहा कि ईडी उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस से जुड़े अहम दस्तावेज जब्त कर रही थी। उन्होंने कहा कि ये दस्तावेज उनकी पार्टी के हैं, जिन्हें वे अपने साथ ले आई हैं।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि ईडी की टीम हार्ड डिस्क, मोबाइल फोन और जरूरी कागजात जब्त कर रही थी। उनका दावा है कि यह पूरी कार्रवाई राजनीतिक दबाव में की जा रही है।
अमित शाह पर सीधा हमला
सीएम ममता बनर्जी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि वे देश को कंट्रोल नहीं कर पा रहे हैं और मेरी पार्टी के डॉक्यूमेंट्स जब्त करवा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जैसे ही उन्हें ईडी रेड की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत IPAC प्रमुख प्रतीक जैन से संपर्क किया। ममता ने कहा कि प्रतीक जैन उनकी पार्टी के महत्वपूर्ण इंचार्ज हैं।
प्रतीक जैन के घर और ऑफिस पर ईडी की कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार, ईडी की यह रेड कथित वित्तीय अनियमितताओं और धन शोधन से जुड़े एक मामले में की जा रही है। जांच एजेंसी ने एक साथ प्रतीक जैन के आवास और कार्यालय पर छापेमारी कर दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड्स की जांच शुरू की।
सियासी मायने
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मुख्यमंत्री का रेड स्थल पर पहुंचना केंद्र और राज्य के बीच जारी टकराव को और तेज कर सकता है। इससे पहले भी ममता बनर्जी ईडी और सीबीआई पर राजनीतिक बदले की भावना से कार्रवाई करने के आरोप लगाती रही हैं।
झारखंड समेत देशभर में इस घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज है। विपक्ष इसे लोकतंत्र पर हमला बता रहा है, जबकि केंद्र समर्थक इसे कानून के तहत की जा रही कार्रवाई बता रहे हैं।
—
