NEWS LAHAR REPORTER
मानगो प्रखंड कांग्रेस कमेटी की पहल, पिछले 10 वर्षों से लगातार आयोजित हो रहा सेवा शिविर
जमशेदपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर जमशेदपुर के मानगो में मानव सेवा और सामाजिक सहयोग की मिसाल देखने को मिली। मानगो प्रखंड कांग्रेस कमेटी की ओर से 2100 जरूरतमंद महिलाओं के बीच छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाले सूप और पूजन सामग्री का निःशुल्क वितरण किया गया। इस कार्यक्रम में झारखंड के पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता और मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।
इस दौरान बड़ी संख्या में जरूरतमंद महिलाएं शिविर में पहुंचीं, जिन्हें छठ महापर्व के लिए आवश्यक पूजन सामग्री उपलब्ध कराई गई। आयोजन का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की छठ व्रती महिलाओं को सहयोग प्रदान करना था, ताकि आर्थिक तंगी के कारण किसी भी महिला को लोक आस्था के इस महापर्व को मनाने में परेशानी का सामना न करना पड़े।

कार्यक्रम के दौरान आयोजकों ने कहा कि छठ महापर्व केवल आस्था और उपासना का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सहयोग और समर्पण का भी प्रतीक है। ऐसे में जरूरतमंद परिवारों की मदद करना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है।
वहीं, मानगो प्रखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सह कार्यक्रम के आयोजक ईश्वर सिंह ने बताया कि पिछले 10 वर्षों से लगातार इस निःशुल्क सेवा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर छठ व्रती महिलाओं को पूजा सामग्री उपलब्ध कराकर उनकी सहायता करना है, ताकि सभी महिलाएं पूरी श्रद्धा, भक्ति और विधि-विधान के साथ छठ महापर्व संपन्न कर सकें।

