NEWS LAHAR REPORTER
शराब पीने के दौरान सिगरेट को लेकर दोनों दोस्तों में हुआ था विवाद, गुस्से में विशाल ने कमर से पिस्टल निकालकर सोनू को मारी थी गोली; वारदात के बाद बस पकड़कर बिहार के शेरघाटी भाग गया था आरोपी
आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सतबोहिनी-जमालपुर में हुए सोनू कुमार हत्याकांड का पुलिस ने महज चार दिनों के भीतर उद्भेदन कर लिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड के पीछे कोई पुरानी दुश्मनी या बड़ी रंजिश नहीं, बल्कि सिगरेट मांगने को लेकर हुआ मामूली विवाद सामने आया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी और मृतक के दोस्त विशाल कुमार सिंह को शुक्रवार को सापड़ा पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त पिस्टल और मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
आदित्यपुर थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में सरायकेला के एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मृतक सोनू कुमार और आरोपी विशाल कुमार सिंह के बीच दोस्ताना संबंध थे। घटना के दिन 9 नवंबर की शाम दोनों एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान सोनू ने विशाल से सिगरेट मांगी, जिसको लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। गुस्से में आकर विशाल ने अपनी कमर से पिस्टल निकाली और सोनू पर गोली चला दी। गोली लगने से सोनू की मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।
वारदात के बाद बिहार भाग गया था आरोपी
हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी विशाल मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, वह डिमना चौक पहुंचा और वहां से बस पकड़कर बिहार के शेरघाटी चला गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की।
इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी शेरघाटी से वापस लौट रहा है। सूचना के आधार पर आदित्यपुर पुलिस ने सापड़ा पुल के पास घेराबंदी की और विशाल कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
हत्या में प्रयुक्त पिस्टल और मोबाइल बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल और मोबाइल फोन बरामद किया है। पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
छापेमारी टीम में ये पुलिसकर्मी थे शामिल
इस हत्याकांड के उद्भेदन में आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार के नेतृत्व में गठित टीम में पुलिस अवर निरीक्षक कार्तिकेय सिंह, असलम अंसारी, राजेन्द्र कुमार, सुनील सिंह, हिरालाल कुमार, अमीश कुमार, विक्रमादित्य पाण्डेय, विश्वजीत कुमार तिवारी तथा टाइगर मोबाइल के आरक्षी नीतीश कुमार शामिल थे।

