जमशेदपुर : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज का विधिवत उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार झारखंड में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ा रही है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अगले चार वर्षों में झारखंड में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 10 से बढ़ाकर 20 कर दी जाएगी।
सीएम ने बताया कि नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की 100 यूजी सीटें उपलब्ध हैं और इसके साथ 650 बेड का अस्पताल भी संचालित होगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल झारखंड में तीन नए मेडिकल कॉलेज चाईबासा, कोडरमा और बोकारो में निर्माणाधीन हैं, जबकि पीपीपी मोड पर चार और मेडिकल कॉलेजों की स्वीकृति प्रक्रिया चल रही है, जिन्हें जल्द मंजूरी मिल जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरायकेला के लिए यह दिन ऐतिहासिक है। उन्होंने संस्थान की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि यह कॉलेज आने वाली पीढ़ियों को बेहतर दिशा देगा। छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि डॉक्टर बनने के बाद समाज उनसे बड़ी उम्मीदें रखेगा, जिन पर उन्हें खरा उतरना होगा।
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड में अब सिकल सेल और थैलेसीमिया मरीजों का सर्वे कराया जाएगा, ताकि राज्य में इन बीमारियों की सही संख्या सामने आ सके। उन्होंने कहा कि भविष्य में इन मरीजों का इलाज झारखंड में ही उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही राज्य में 740 अबुआ स्टोर खोलने की भी योजना है।
स्वास्थ्य सचिव अजय सिंह ने बताया कि सरकार मेडिकल कॉलेजों में यूजी और पीजी सीटें बढ़ाने पर जोर दे रही है। फिलहाल राज्य में 1230 यूजी और 245 पीजी सीटें हैं, जिन्हें आने वाले समय में बढ़ाकर क्रमशः 2600 और 750 तक ले जाने का लक्ष्य है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ सिंहभूम सांसद जोबा मांझी, घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन, जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी और खरसावां विधायक दशरथ गागराई मौजूद रहे।

