NEWS LAHAR REPORTER
पूर्वी विधानसभा के जलजमाव प्रभावित इलाकों का लिया जायजा, लोगों से सतर्क रहने की अपील
जमशेदपुर। लगातार हो रही बारिश से जमशेदपुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के कई इलाकों में उत्पन्न स्थिति का जायजा लेने के लिए विधायक पूर्णिमा साहू गुरुवार सुबह प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचीं। उन्होंने जलजमाव और बारिश से प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और घर-घर जाकर राहत सामग्री वितरित की।
दौरे के दौरान विधायक ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी जरूरतों की जानकारी ली। उन्होंने लोगों को बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
बीमारियों से बचाव के लिए ब्लीचिंग का छिड़काव
बारिश के कारण कई स्थानों पर जलजमाव की स्थिति को देखते हुए मच्छरजनित बीमारियों और संक्रमण की आशंका को लेकर ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया जा रहा है। साथ ही स्वच्छता और स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में जनता को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। स्थिति सामान्य होने तक प्रभावित इलाकों में राहत, बचाव और सेवा कार्यों की लगातार निगरानी की जाएगी।
राहत कार्य में जुटे भाजपा कार्यकर्ता
विधायक के साथ भाजपा कार्यकर्ता भी प्रभावित परिवारों के बीच सक्रिय रहे। कार्यकर्ताओं की ओर से जरूरतमंद लोगों तक भोजन, राहत सामग्री और अन्य आवश्यक सहायता पहुंचाई गई।
इस दौरान भाजपा सीतारामडेरा मंडल अध्यक्ष रंजीत सिंह, अरुण मिश्रा, संजना साहू, उमेश साव, धनराज गुप्ता, मिथिलेश साव, महावीर सिंह, पप्पू साव, सुनील साव, रवि भुइयां, कांति देवी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
लगातार बारिश के बीच विधायक के क्षेत्रीय दौरे और राहत वितरण से प्रभावित लोगों को तत्काल मदद मिलने की उम्मीद बढ़ी है।

