NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित भालूबासा में हुए जानलेवा हमले में घायल मानगो निवासी 35 वर्षीय मोहम्मद मुमताज की रांची स्थित रिम्स अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। परिजन आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, हमले के बाद गंभीर रूप से घायल मोहम्मद मुमताज को पहले जमशेदपुर के टीएमएच अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स अस्पताल रेफर कर दिया, जहां शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
शाम में शव के जमशेदपुर पहुंचते ही चेपापुल इलाके में माहौल गर्म हो गया। परिजन और स्थानीय लोग एंबुलेंस के साथ सड़क पर उतर आए और जमकर प्रदर्शन किया। लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन महिलाओं समेत परिजनों का आक्रोश देर तक जारी रहा।
बताया जा रहा है कि हमले के दौरान कई युवकों ने मोहम्मद मुमताज पर धारदार हथियार और भारी वस्तु से हमला किया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद से भालूबासा और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
इधर, भुइयांडीह इलाके में मानगो के एक युवक के साथ मारपीट की घटना को लेकर भी तनाव बढ़ गया। इसके विरोध में मानगो के लोगों ने मानगो चौक पर हंगामा किया और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। कुछ समय तक इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।

