NEWS LAHAR REPORTER
गुवा संवाददाता। गोइलकेरा प्रखंड के कुमारतोड़ांग गांव की एक महिला की गुरुवार को बुंडू गांव के समीप अचानक गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, कुमारतोड़ांग निवासी बामिया चाम्पिया अपनी पत्नी के साथ रोआम साप्ताहिक हाट बाजार गए थे। दोनों ने हाट में आवश्यक सामानों की खरीदारी की और इसके बाद पैदल अपने गांव लौट रहे थे।
बताया गया कि बुंडू गांव के पास पहुंचते ही बामिया चाम्पिया की पत्नी अचानक सड़क पर गिर पड़ीं। महिला को गिरता देख आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और उन्हें संभालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की अचानक खबर से पति बामिया चाम्पिया समेत परिजनों और ग्रामीणों में मातम छा गया। ग्रामीणों के अनुसार, महिला की अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण मौत होने की आशंका है। घटना के बाद स्थानीय स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई।
अचानक हुई इस मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

