NEWS LAHAR REPORTER
पूर्वी सिंहभूम के प्रखंड एवं संकुल साधन सेवियों ने नियमावली-2024 का हवाला देकर लंबित वृद्धि शीघ्र लागू करने की उठाई मांग
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के प्रखंड साधन सेवी (BRP) एवं संकुल साधन सेवी (CRP) के मानदेय में 3 प्रतिशत वार्षिक वृद्धि लागू करने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। इस संबंध में बीआरपी/सीआरपी महासंघ की ओर से जिला सचिव संजय कुमार के नेतृत्व में जिले के सभी बीआरपी एवं सीआरपी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, झारखंड शिक्षा परियोजना, पूर्वी सिंहभूम को पुनः स्मारक पत्र सौंपा।
सौंपे गए ज्ञापन में प्रखंड साधन सेवी एवं संकुल साधन सेवी सुविधा नियमावली-2024, ज्ञापांक 888, दिनांक 16 जुलाई 2024 का हवाला दिया गया है। महासंघ के अनुसार, नियमावली के प्रावधानों के तहत प्रत्येक वर्ष 1 अप्रैल से 3 प्रतिशत वार्षिक मानदेय वृद्धि का लाभ दिया जाना है। इसके बावजूद संबंधित कर्मियों को अब तक इस वृद्धि का लाभ नहीं मिल पाया है।
महासंघ ने विभाग से मांग की है कि नियमावली के अनुरूप प्रत्येक वर्ष 1 अप्रैल से 3 प्रतिशत वार्षिक मानदेय वृद्धि स्वीकृत कर लागू की जाए। साथ ही जिला स्तरीय चयन समिति की स्वीकृति के आधार पर सभी पात्र कर्मियों को इसका लाभ सुनिश्चित किया जाए।
ज्ञापन में कहा गया है कि BRP एवं CRP शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वे विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन, शिक्षकों के मार्गदर्शन, प्रशिक्षण, विद्यालय अनुश्रवण और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए लगातार कार्य करते हैं। ऐसे में उनके मानदेय में नियमानुसार वार्षिक वृद्धि का लाभ मिलना आवश्यक है।
महासंघ ने जिला शिक्षा विभाग से सकारात्मक पहल करते हुए लंबित 3 प्रतिशत वार्षिक मानदेय वृद्धि को जल्द लागू करने का आग्रह किया है। महासंघ का कहना है कि इससे कर्मियों को उनका नियमानुसार देय लाभ मिल सकेगा और वे शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में पहले की तरह पूरी निष्ठा एवं उत्साह से योगदान दे सकेंगे।
ज्ञापन सौंपने वालों में अवनी कुमार महंती, सपन कुमार महंती, संजय कुमार महतो, सजला खातून, श्वेता कुमारी, पीनू सरकार, मुकुंद सिंह मुंडा, शंकर गोप, चैताली भगत, राजकिशोर राणा, हिमाद्री शंकर भगत, सनातन पात्रों, भोलानाथ मोहंती, विश्वनाथ पाल, राजेश कर्मकार, बबलू महतो, पंकज कुमार पाल सहित अन्य BRP एवं CRP उपस्थित थे।

