NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने मानव तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन ‘आहट’ के तहत रांची रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच नाबालिग बच्चियों को सुरक्षित मुक्त कराया तथा उन्हें बहला-फुसलाकर रोजगार के नाम पर तमिलनाडु ले जा रहे एक वयस्क व्यक्ति को हिरासत में लिया। यह कार्रवाई RPF पोस्ट रांची, RPF अपराध आसूचना शाखा (CIB) रांची एवं DNF टीम की संयुक्त टीम द्वारा की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 26 नवंबर 2026 को DSCNL/RPF/Ranchi के माध्यम से रेल मदद शिकायत में ट्रेन संख्या 18636 (सासाराम–रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस) से कुछ नाबालिग बच्चियों को संदिग्ध परिस्थितियों में ले जाए जाने की सूचना दी गई थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए RPF पोस्ट रांची, RPF CIB रांची एवं DNF टीम की संयुक्त टीम गठित कर तत्काल कार्रवाई की गई। इसी क्रम में उक्त ट्रेन के समय करीब 12:08 बजे रांची रेलवे स्टेशन पहुंचने पर संयुक्त टीम ने एक वयस्क पुरुष को पांच नाबालिग बच्चियों के साथ देखा। संदेह होने पर सभी छह व्यक्तियों को रोककर पूछताछ के लिए RPF पोस्ट रांची लाया गया।
पूछताछ के दौरान वयस्क व्यक्ति ने अपना नाम सुशील कुमार सिंह उर्फ मिंटू सिंह (उम्र लगभग 41 वर्ष), पिता स्वर्गीय देवनंदन सिंह, निवासी ग्राम अपर खुर्द, पोस्ट जपला, थाना हुसैनाबाद, जिला पलामू, झारखंड बताया। पूछताछ में उसने बताया कि वह पिछले लगभग 10 वर्षों से तमिलनाडु स्थित SSM Group, Prabhu Spinning Mills, Tendiyal Veeda, Sindhun में सुपरवाइजर के रूप में कार्यरत है। उसने कथित तौर पर बच्चियों को तमिलनाडु में स्पिनिंग मिल में नौकरी दिलाने तथा प्रतिमाह लगभग 15,000 रुपये वेतन मिलने का प्रलोभन देकर अपने साथ ले जाने की बात स्वीकार की। उसने यह भी बताया कि संबंधित कंपनी से उसे प्रत्येक व्यक्ति के हिसाब से प्रतिदिन 20 रुपये मिलते हैं।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि पांचों बच्चियों को रोजगार दिलाने के बहाने तमिलनाडु ले जाया जा रहा था। बच्चियों की नाबालिग उम्र एवं पूरे घटनाक्रम की परिस्थितियों को देखते हुए मानव तस्करी तथा उनके संभावित शोषण की आशंका व्यक्त की गई| आवश्यक प्रारंभिक पूछताछ एवं कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद हिरासत में लिए गए सुशील कुमार सिंह उर्फ मिंटू सिंह तथा मुक्त कराई गई पांचों नाबालिग बच्चियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) थाना, रांची को सुपुर्द कर दिया गया। इस संबंध में AHTU थाना कांड संख्या 14/2026, दिनांक 26.11.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 137(2) एवं 143(5) तथा किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 की धारा 75 एवं 81 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच SI मनोज भगत, AHTU थाना, रांची को सौंपी गई है। RPF की इस त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई से पांच नाबालिग बच्चियों को संभावित शोषण एवं मानव तस्करी के खतरे से सुरक्षित बचाया जा सका। रेलवे सुरक्षा बल द्वारा यात्रियों, विशेषकर बच्चों एवं महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा मानव तस्करी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ऑपरेशन ‘आहट’ के तहत लगातार सतर्कता एवं निगरानी रखी जा रही है।

