NEWS LAHAR REPORTER
मनोहरपुर, 27 नवंबर। अंतर्राष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर शुक्रवार को मनोहरपुर प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, अभयपुर में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार (NALSA), नई दिल्ली एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (JHALSA), रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों एवं ग्रामीणों को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ जागरूक किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत जागरूकता प्रभात फेरी से हुई। इसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। बच्चों ने बाल विवाह के खिलाफ नारे लगाते हुए समाज को इस कुरीति के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। इसके बाद आयोजित जागरूकता सत्र में बच्चों को बाल विवाह से जुड़े कानूनी प्रावधानों और इसके दुष्परिणामों की विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर निबंध लेखन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में बताया गया कि कानून के अनुसार 18 वर्ष से कम आयु की लड़की और 21 वर्ष से कम आयु के लड़के का विवाह बाल विवाह की श्रेणी में आता है। बाल विवाह का आयोजन, सहयोग और प्रोत्साहन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। वक्ताओं ने कहा कि बाल विवाह से बच्चों की शिक्षा प्रभावित होती है। इसके साथ ही उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास, स्वास्थ्य और भविष्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है।
मौके पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका प्रमुदित कुंडलना, सहायक शिक्षक, छात्र-छात्राओं के अलावा पीएलवी अशोक कुमार महतो, जेराई हेम्ब्रम, अनिल कुमार महतो एवं सुनील लुगुन उपस्थित थे।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति का विरोध करने, लोगों को इसके प्रति जागरूक करने और बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

