NEWS LAHAR REPORTER
हार्दिक पांड्या के पंजाब किंग्स में जाने के बाद MI का बड़ा फैसला, पांच बार टीम को चैंपियन बनाने वाले रोहित शर्मा संभालेंगे 2027 में कमान
मुंबई, 27 नवंबर। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 से पहले मुंबई इंडियंस ने बड़ा ऐलान करते हुए एक बार फिर अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा को टीम की कप्तानी सौंप दी है। करीब तीन साल बाद रोहित शर्मा की कप्तान के रूप में वापसी हुई है। फ्रेंचाइजी ने शुक्रवार को आधिकारिक तौर पर इसकी घोषणा की। इस फैसले के बाद मुंबई इंडियंस के प्रशंसकों में खुशी की लहर है।
दरअसल, आईपीएल 2024 से पहले मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा की जगह हार्दिक पांड्या को टीम का कप्तान बनाया था। हार्दिक की कप्तानी में टीम ने तीन सीजन खेले। अब हार्दिक पांड्या के पंजाब किंग्स में ट्रेड होने के बाद मुंबई इंडियंस ने एक बार फिर रोहित शर्मा पर भरोसा जताया है। ट्रेड डील के तहत तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस से जुड़े हैं।
रोहित की कप्तानी में मुंबई ने जीते पांच खिताब
रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस के सबसे सफल कप्तानों में शामिल हैं। उन्होंने 2013 में टीम की कप्तानी संभाली थी और उसी साल मुंबई को पहला आईपीएल खिताब दिलाया था। इसके बाद उनकी अगुवाई में टीम ने 2015, 2017, 2019 और 2020 में भी आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की।
इस तरह रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस कुल पांच बार आईपीएल चैंपियन बनी। पांच आईपीएल खिताब जीतने के मामले में वह महेंद्र सिंह धोनी के साथ संयुक्त रूप से सबसे सफल कप्तानों में शामिल हैं।
20वें सीजन में नई शुरुआत की तैयारी
मुंबई इंडियंस का आईपीएल 2027 सीजन फ्रेंचाइजी का 20वां सीजन होगा। ऐसे खास मौके पर रोहित शर्मा को दोबारा कप्तानी सौंपना टीम के लिए एक महत्वपूर्ण फैसला माना जा रहा है।
फ्रेंचाइजी की ओर से जारी बयान में नीता अंबानी और आकाश अंबानी ने रोहित की वापसी पर खुशी जताई। वहीं रोहित शर्मा ने कहा कि मुंबई इंडियंस उनके जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा रही है और इस टीम का नेतृत्व करना हमेशा उनके लिए गर्व की बात रही है। उन्होंने आगामी सीजन की चुनौतियों के लिए उत्साह जताते हुए टीम को प्रशंसकों के लिए यादगार पल देने की बात कही।
अब आईपीएल 2027 में सभी की निगाहें रोहित शर्मा की कप्तानी पर रहेंगी। प्रशंसकों को उम्मीद है कि हिटमैन एक बार फिर मुंबई इंडियंस को खिताबी सफलता की राह पर लेकर जाएंगे।
