NEWS LAHAR REPORTER
62 वर्षीय बसंत कुमार निषाद ड्यूटी के दौरान अचानक हुए बेहोश, टीएमएच में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित; पुत्र ने बिष्टुपुर थाना में दिया आवेदन
सरायकेला/जमशेदपुर, 27 नवंबर। सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा स्थित आधुनिक पावर एंड नेचुरल रिसोर्सेज लिमिटेड में कार्यरत एक कर्मचारी की काम के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 62 वर्षीय बसंत कुमार निषाद के रूप में हुई है। वह जमशेदपुर के सोनारी स्थित बी-ब्लॉक वाटर टावर के समीप के निवासी थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे बसंत कुमार निषाद कंपनी में अपनी ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़े। घटना के बाद कंपनी प्रबंधन ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार केंद्र पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए नेताजी सुभाष अस्पताल ले जाया गया। वहां वेंटिलेटर की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें बिष्टुपुर स्थित टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) रेफर कर दिया गया। टीएमएच के इमरजेंसी विभाग में जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के संबंध में मृतक के पुत्र पृथ्वी कुमार निषाद ने बिष्टुपुर थाना में लिखित आवेदन दिया है। उन्होंने अपने बयान में कहा है कि इस घटना में किसी की कोई गलती नहीं है। साथ ही उन्होंने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपने का अनुरोध किया है।
इस घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है।
