NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर। E20 पेट्रोल को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) की पूर्वी सिंहभूम जिला कमेटी ने जनहित से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चर्चा के लिए विशेष बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया है। पार्टी की ओर से धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी को पत्र देकर कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति और सूचना दी गई है।
पार्टी के जिला अध्यक्ष अभिषेक कुमार के अनुसार यह बैठक 23 अगस्त 2026, रविवार को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक निर्मल गेस्ट हाउस, सीएच एरिया, जुबली पार्क के निकट, जमशेदपुर में आयोजित की जाएगी।
E20 पेट्रोल पर होगा मंथन
बैठक का मुख्य विषय E20 पेट्रोल यानी 80 प्रतिशत पेट्रोल और 20 प्रतिशत इथेनॉल से जुड़े जनहित के मुद्दे होंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों के बीच इसके प्रभाव, उपयोग और इससे जुड़े सवालों पर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से विचार-विमर्श किया जाएगा।
AAP का कहना है कि बैठक का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं और सुझावों को उचित मंच तक पहुंचाना है। कार्यक्रम को पूरी तरह शांतिपूर्ण, अनुशासित और लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित करने की बात कही गई है।
प्रदेश से लेकर दिल्ली तक के नेता होंगे शामिल
बैठक में आम आदमी पार्टी के झारखंड प्रदेश प्रभारी शिव चरण गोयल, झारखंड सह-प्रभारी सुशील कुमार सिंह तथा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज सहित पार्टी के प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
प्रशासन से अनुमति की मांग
पार्टी जिला अध्यक्ष अभिषेक कुमार ने धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी से कार्यक्रम आयोजित करने के लिए आवश्यक अनुमति प्रदान करने का अनुरोध किया है। पत्र में कहा गया है कि कार्यक्रम के दौरान प्रशासन द्वारा निर्धारित सभी नियमों और दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन किया जाएगा।
AAP की यह बैठक ऐसे समय में आयोजित होने जा रही है, जब E20 पेट्रोल को लेकर वाहन चालकों और उपभोक्ताओं के बीच कई तरह के सवाल और चर्चाएं चल रही हैं। ऐसे में जमशेदपुर में होने वाली इस बैठक पर राजनीतिक और सामाजिक हलकों की नजर रहेगी।

