News Lahar Reporter:
Jamshedpur : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में चापड़ हमले में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान टुइलाडूंगरी निवासी 20 वर्षीय कमलजीत सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद से आरोपी युवक मिलन फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले शराब के नशे में मिलन ने कमलजीत पर चापड़ से हमला कर दिया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने तत्काल उसे एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां हालत बिगड़ने पर उसे रिम्स रेफर किया गया था।
बताया जाता है कि 12 मार्च को रिम्स से वापस एमजीएम अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के बाद उसकी हालत में सुधार हुआ और उसे छुट्टी दे दी गई। परिजनों को उम्मीद थी कि वह जल्द ठीक हो जाएगा, लेकिन बीती रात अचानक उसकी तबीयत फिर बिगड़ गई।
परिजन उसे पहले सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने दोबारा एमजीएम अस्पताल भेज दिया। वहीं इलाज के दौरान कमलजीत सिंह ने दम तोड़ दिया। बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
मृतक के पिता मनोज सिंह ने बताया कि उनका बेटा मेहनत-मजदूरी कर परिवार का सहारा था और महुलबेड़ा स्थित शिव मोटर में पुरानी गाड़ियों की खरीद-बिक्री का काम करता था।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

