News Lahar Reporter
जमशेदपुर : शहर के सुंदरनगर थाना क्षेत्र में स्थित एक चिप्स व कुरकुरे के गोदाम में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार, सुंदरनगर स्थित सौरभ इंटरप्राइजेज के गोदाम में बिस्किट, चिप्स और कुरकुरे का भारी स्टॉक रखा हुआ था। बताया जा रहा है कि गोदाम के बाहर कचरे में आग लगाई गई थी, जिसकी चिंगारी हवा के साथ उड़कर गोदाम के अंदर पहुंच गई। इसके बाद आग ने तेजी से पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना के वक्त मौजूद कर्मचारियों ने बाल्टी से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। हालांकि, सूझबूझ दिखाते हुए कर्मचारियों ने गोदाम में खड़ी इलेक्ट्रिक बाइक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। इसके अलावा यूसिल की दो और सीआरपीएफ की एक दमकल गाड़ी भी आग बुझाने में जुटी। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
गोदाम के मालिक गुरप्रीत सिंह ने बताया कि घटना के समय वे घर पर थे। फोन पर सूचना मिलने के बाद जब वे मौके पर पहुंचे, तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। उन्होंने बताया कि हाल ही में करीब 7 लाख रुपये का नया स्टॉक गोदाम में रखा गया था, जो पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।
पुलिस और अग्निशमन विभाग मामले की जांच में जुट गए हैं और आग लगने के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।

