जमशेदपुर : झारखंड की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा शुक्रवार को जमशेदपुर पहुंचीं, जहां उन्होंने लापता उद्यमी कैरव गांधी के मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। यह बैठक एसपी आवास में करीब एक घंटे तक चली, जिसमें जिले के तीनों एसपी, डीएसपी और कई इंस्पेक्टर मौजूद रहे।
बैठक के दौरान डीजीपी ने उद्यमी की सकुशल बरामदगी को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। जिला पुलिस कप्तान ने दावा किया कि पुलिस कई अहम बिंदुओं पर तेजी से काम कर रही है और बहुत जल्द कैरव गांधी की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जाएगी। हालांकि, जांच की संवेदनशीलता को देखते हुए अधिकारियों ने ज्यादा जानकारी साझा करने से परहेज किया।
डीजीपी ने पुलिसिया तंत्र को और मजबूत करने, शहर में बढ़ती चोरी, छीनतई और नशे के कारोबार पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश भी दिए। पुलिस अपहरण मामले में हनी ट्रैप और फिरौती जैसे एंगल से भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू पर गहन छानबीन की जा रही है ताकि जल्द से जल्द सच्चाई सामने लाई जा सके।

