NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर स्थित कोवाली थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक ने गांव की 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की पत्थर से कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतका की पहचान बुस्की मुर्मू के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह बुस्की मुर्मू रोज की तरह गांव के समीप स्थित महुआ के पेड़ के नीचे महुआ चुनने गई थीं। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला राम सरदार वहां पहुंच गया। बताया जाता है कि मानसिक रूप से अस्वस्थ राम सरदार ने अचानक महिला पर बड़े पत्थर से हमला कर दिया।
आरोपी ने बुजुर्ग महिला के सिर पर लगातार कई वार किए, जिससे उनका सिर बुरी तरह कुचल गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कोवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी राम सरदार को गिरफ्तार कर लिया है तथा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

