जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र से लापता हुए 14 वर्षीय बालक को जमशेदपुर पुलिस ने कड़ी मेहनत और तकनीकी जांच के बल पर महाराष्ट्र से सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से परिवार में राहत की सांस लौट आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ह्यूम पाइप सीतारामडेरा निवासी अनिल कुमार सिंह ने 12 जनवरी 2026 को साकची थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका पुत्र बीरू (काल्पनिक नाम) 9 जनवरी को साकची स्थित एक दुकान के पास से अचानक लापता हो गया है। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस में मामला दर्ज कराया गया।
पुलिस ने साकची थाना कांड संख्या 04/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में केस दर्ज कर जांच शुरू की। वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान टीम गठित की गई।
टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित संभावित स्थानों के फुटेज खंगाले। साथ ही तकनीकी इनपुट, ह्यूमन इंटेलिजेंस और अंतर्राज्यीय समन्वय के माध्यम से लगातार जांच जारी रखी गई।
जांच के दौरान बालक की लोकेशन महाराष्ट्र के बुलढाणा में मिलने की पुष्टि हुई। सूचना मिलते ही टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर बालक को स्वस्थ एवं सुरक्षित बरामद कर लिया। इसके बाद उसे जमशेदपुर लाकर परिजनों को सौंप दिया गया।
जमशेदपुर पुलिस की इस सक्रियता और पेशेवर कार्यशैली की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।

