जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर शहर के मानगो थाना क्षेत्र स्थित दाईगुट्टू के कावेरी रोड में शनिवार को शॉर्ट सर्किट की वजह से एक मकान में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया और मकान धू-धू कर जलने लगा। घर के वेंटिलेटर से उठती लपटें दूर से ही दिखाई दे रही थीं, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार यह आग उर्मिला देवी के घर में लगी। घटना के समय घर के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। अगर परिवार का कोई सदस्य अंदर होता तो जनहानि भी हो सकती थी।
स्थानीय लोगों ने आग की सूचना तुरंत अग्निशमन विभाग को दी। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने आसपास के लोगों की मौजूदगी में मकान का ताला तोड़कर आग बुझाने का काम शुरू किया। आग काफी भयानक थी, जिसे काबू में करने में दमकलकर्मियों को करीब चार घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। आखिरकार लंबे प्रयास के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया।
इसी दौरान उर्मिला देवी जब घर पहुंचीं तो अपने आशियाने को जलता देख भावुक हो उठीं। उन्होंने बताया कि घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। राशन, नकदी, कपड़े, फर्नीचर, रजाई, गद्दा और पलंग सहित रोजमर्रा की जरूरत की हर चीज आग में खाक हो गई।
घटना के बाद परिवार को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मदद देने की मांग की है।

