NEWS LAHAR REPORTER
रांची : झारखंड की दो राज्यसभा सीटों पर 18 जून को होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस द्वारा प्रवण झा को उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद अब झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) ने भी अपने प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने बैजनाथ राम को राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है।
जेएमएम के केंद्रीय प्रवक्ता सुप्रीयो भट्टाचार्य ने इसकी आधिकारिक घोषणा की। बैजनाथ राम के नाम की घोषणा के साथ ही राज्य की राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। राज्यसभा चुनाव को लेकर महागठबंधन के भीतर भी राजनीतिक समीकरणों पर नजर बनी हुई है।
गौरतलब है कि झारखंड से राज्यसभा की दो सीटों के लिए चुनाव होना है। राज्य में झारखंड मुक्ति मोर्चा, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल के महागठबंधन की सरकार है। झामुमो दोनों सीटों पर अपने प्रत्याशियों को राज्यसभा भेजने की रणनीति पर काम कर रही है। वहीं कांग्रेस का दावा है कि गठबंधन सरकार में उसकी भी महत्वपूर्ण भागीदारी है और विधायकों की संख्या के आधार पर उसे एक सीट मिलनी चाहिए।
इधर भारतीय जनता पार्टी ने अभी तक अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। पार्टी के भीतर उम्मीदवार को लेकर मंथन जारी है। यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि भाजपा अपना आधिकारिक प्रत्याशी मैदान में उतारेगी या किसी निर्दलीय उम्मीदवार को समर्थन देगी। इस बीच परिमल नाथवाणी का नाम भी राजनीतिक चर्चाओं में बना हुआ है, हालांकि भाजपा की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
राज्यसभा चुनाव को लेकर आने वाले दिनों में झारखंड की राजनीति और अधिक दिलचस्प होने की संभावना है। सभी दल अपने-अपने राजनीतिक समीकरण साधने में जुट गए हैं, जिससे चुनावी मुकाबला और रोचक होता दिखाई दे रहा है।

