NEWS LAHAR REPROTER
जमशेदपुर: कदमा के शास्त्रीनगर इलाके में 18 अगस्त की रात नदी के तेज बहाव में बहने वाले 28 वर्षीय टीपू खान का शव गुरुवार सुबह बरामद कर लिया गया। दो दिनों तक अपने स्तर पर तलाश करने के बाद परिजनों ने कदमा के भाटिया बस्ती के पास नदी किनारे झाड़ियों में टीपू का शव खोज निकाला।
परिजनों के अनुसार, टीपू के नदी में बहने के बाद से ही वे लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। उनका आरोप है कि प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम से अपेक्षित मदद नहीं मिली, जिसके बाद परिवार के लोगों को खुद ही नदी और आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाना पड़ा।
गुरुवार सुबह भी परिजन टीपू की तलाश में निकले थे। इसी दौरान भाटिया बस्ती के पास झाड़ियों में उन्हें टीपू का शव दिखाई दिया। शव मिलने के बाद करीब सुबह 8 बजे पुलिस को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कदमा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया।
इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। घटना के बाद परिवार में मातम के साथ आक्रोश भी है। परिजनों ने पुलिस-प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि समय रहते पर्याप्त मदद नहीं मिलने के कारण उन्हें खुद ही लगातार टीपू की तलाश करनी पड़ी।

