News Lahar Reporter
जमशेदपुर : मानगो इलाके में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराती नजर आ रही है। खासकर ओल्ड पुरुलिया रोड पर हालात बेहद खराब हैं, जहां चारों ओर कचरे का अंबार लगा हुआ है और सड़ांध से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है।
इस सड़क पर रोजाना बाजार लगता है, जहां खाने-पीने की चीजों की बिक्री होती है। लेकिन सड़क किनारे लगे कचरे के ढेर पर मक्खियों का जमावड़ा लगा रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यही मक्खियां खाने-पीने के सामानों पर बैठती हैं, जिससे बीमारियों के फैलने का खतरा लगातार बना हुआ है।
लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर निगम की ओर से सफाई की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की जा रही है।
गौरतलब है कि हाल ही में मानगो नगर निगम का चुनाव संपन्न हुआ था और मेयर व वार्ड पार्षद भी चुने गए थे। लोगों को उम्मीद थी कि नई व्यवस्था के बाद सफाई व्यवस्था में सुधार होगा, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि इलाके को गंदगी और संभावित बीमारियों से बचाया जा सके।

