NEWS LAHAR REPORTER
खरना के साथ शुरू हुआ 36 घंटे का निर्जला उपवास, रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे व्रती
पोटका। लोक आस्था के महापर्व छठ के दूसरे दिन शनिवार को पोटका प्रखंड क्षेत्र में खरना पर्व श्रद्धा, भक्ति और पवित्रता के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर छठ व्रतियों ने पूरे विधि-विधान और नियम-निष्ठा के साथ अपने घरों में गुड़ की खीर एवं रोटी का प्रसाद तैयार किया। इसके बाद भगवान भास्कर की पूजा-अर्चना कर खरना का प्रसाद ग्रहण किया।
पूजा संपन्न होने के बाद छठ व्रतियों ने परिवार के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया। खरना के साथ ही छठ व्रतियों का 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास शुरू हो गया। इस दौरान व्रती पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ छठी मैया एवं भगवान सूर्य की आराधना में लीन रहेंगे।

रविवार को छठ व्रती विभिन्न जलाशयों एवं छठ घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य भगवान को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके बाद सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।

छठ पूजा को लेकर पूरे पोटका क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। घरों में छठी मैया के पारंपरिक गीत गूंज रहे हैं और श्रद्धालु महापर्व की तैयारियों में जुटे हुए हैं। चारों ओर आस्था, पवित्रता और भक्ति का वातावरण देखने को मिल रहा है।

