NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र स्थित मोहन कॉम्प्लेक्स के एक मकान मालिक होटल ग्रांड के ओनर के मकान का ताला तोड़कर जबरन कब्जा कर लिया गया है। मामले को लेकर साकची थाना में लिखित शिकायत दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायतकर्ता के अनुसार 8 जून की शाम करीब 4 बजे न्यू कालीमाटी रोड स्थित 500 मोहन कॉम्प्लेक्स के सेकेंड फ्लोर पर कुछ लोग अचानक पहुंचे और मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया। आरोप है कि शैलेंद्र सिंह चंदेल, सुनैना शर्मा, अभिषेक दास, धर्मा राव समेत अन्य लोगों ने मकान में प्रवेश कर कमरों के अंदर से कुंडी लगाकर अवैध रूप से कब्जा कर लिया है।
कहा जा रहा है कि सुनैना शर्मा के पति का मकान सोनारी में नर्स क्वार्टर में है। इसके बाद भी सवाल यह है कि क्या वह मकान पर कब्जा करने की नीयत से इसमें ताला तोड़ कर घुसी है।

मकान मालिक का कहना है कि सेकेंड फ्लोर पर किचन, हॉल और आठ कमरे हैं। आरोपियों ने ताला तोड़ने के बाद कुछ घरेलू सामान के साथ परिसर में प्रवेश किया और पूरी मंजिल पर कब्जा जमाने की कोशिश की। शिकायत में यह भी कहा गया है कि घटना के दौरान कुछ लोग हथियारों से लैस थे।
पीड़ित ने पुलिस से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई करते हुए मकान को कब्जा मुक्त कराया जाए तथा दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने बताया कि जानकारी एकत्र करने के कारण शिकायत दर्ज कराने में कुछ विलंब हुआ। पुलिस मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।

