जमशेदपुर: कपाली थाना क्षेत्र के कमरटोला, डोबो निवासी अजीत दास ने अपनी पुश्तैनी जमीन पर जबरन और गैर-कानूनी तरीके से पक्का निर्माण कराए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में लिखित आवेदन देकर सुरक्षा और न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।
अजीत दास (उम्र लगभग 57 वर्ष), पिता स्वर्गीय कृष्ण चन्द्र दास ने बताया कि मौजा-कपाली स्थित उनकी 1.66 डिसमिल जमीन, खाता संख्या 223, प्लॉट नंबर 799/A, थाना-चाण्डिल में है, जिसे उन्होंने 19 फरवरी 1980 को निबंधित सेल डीड के माध्यम से खरीदा था।
जमीन के मालिकाना हक को लेकर उन्होंने सिविल जज सीनियर डिवीजन, सरायकेला की अदालत में O.T.S. No.-40/2022 के तहत अफताबुद्दीन अहमद, डॉ. नुरूज्जमों खान सहित अन्य के खिलाफ मुकदमा दायर किया है, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। इस मामले में डॉ. नुरूज्जमों खान, मुर्तजा अली एवं उनकी पत्नी नुशरत जहां अदालत में उपस्थित भी हो चुके हैं।
आरोप है कि मुकदमा लंबित रहने के बावजूद डॉ. नुरूज्जमों खान जबरन जाली कागजात के आधार पर जमीन पर पक्का छत ढलाई और निर्माण कार्य करा रहे हैं। पीड़ित का कहना है कि यह निर्माण गैर-कानूनी है और इससे उनके स्वामित्व अधिकारों का उल्लंघन हो रहा है।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से अविलंब हस्तक्षेप कर निर्माण कार्य रोकने और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
—

