जमशेदपुर: टाटा स्टील के ट्यूब डिवीजन, बर्मामाइंस में वेंडर बदलने के बाद काम से हटाए गए ठेका श्रमिकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू के हस्तक्षेप के बाद कंपनी प्रबंधन ने सभी प्रभावित श्रमिकों को पुनः काम पर रखने के लिए सहमति जता दी है।
शुक्रवार को बिष्टुपुर स्थित टाटा स्टील लीगल सर्विसेज बिल्डिंग में कंपनी प्रबंधन और श्रमिक प्रतिनिधियों के बीच बैठक आयोजित की गई। बैठक में टाटा स्टील कॉरपोरेट रिलेशन विभाग के अधिकारी अमित सिंह और ट्यूब डिवीजन की एचआर अधिकारी शुभ्रा सिंह मौजूद रहीं। वहीं श्रमिकों की ओर से मुखी समाज के प्रतिनिधि और प्रभावित मजदूर शामिल हुए।
इस दौरान जमशेदपुर पूर्वी के विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष पोरेश मुखी तथा भाजपा बर्मामाइंस मंडल अध्यक्ष रितेश झा भी बैठक में उपस्थित रहे। वार्ता के दौरान हटाए गए सभी श्रमिकों को जल्द से जल्द पुनः बहाल करने पर सहमति बन गई।
गौरतलब है कि हाल ही में टाटा ट्यूब डिवीजन के हॉस्पिटैलिटी सर्विस (हाउसकीपिंग) विभाग में वेंडर परिवर्तन की प्रक्रिया के दौरान मुखी समाज के लगभग 40 ठेका श्रमिकों को काम से हटा दिया गया था। इसके विरोध में बर्मामाइंस हरिजन बस्ती के श्रमिक मुखी समाज के लोगों और भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष पोरेश मुखी के नेतृत्व में धरना पर बैठ गए थे।
मामले की जानकारी मिलने के बाद विधायक पूर्णिमा साहू ने टाटा स्टील के कॉरपोरेट रिलेशन विभाग के अधिकारियों से बात कर श्रमिकों की समस्या से अवगत कराया और उनकी पुनर्बहाली की मांग रखी। इसके बाद कंपनी के अधिकारी धरना स्थल पर पहुंचे और श्रमिकों से मांगपत्र लेकर शुक्रवार तक समाधान निकालने का भरोसा दिया था।
शुक्रवार को हुई वार्ता में सकारात्मक निर्णय आने के बाद श्रमिकों में खुशी का माहौल है। श्रमिकों ने विधायक पूर्णिमा साहू और कंपनी प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया है।

