NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक एम्प्लाइज (UFBU) के आह्वान पर बुधवार को जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की मुख्य शाखा के समक्ष एक दिवसीय प्रदर्शन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता PNBEU झारखंड के महासचिव कॉमरेड राम अयोध्या सिंह ने की।
प्रदर्शन के दौरान बैंक कर्मचारियों ने केंद्र सरकार पर विभिन्न मुद्दों को लेकर बैंक कर्मियों से किए गए वादों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया। इस दौरान पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग को प्रमुखता से उठाया गया। कर्मचारियों ने कहा कि बैंकिंग क्षेत्र में पांच दिन कार्य और दो दिन अवकाश की व्यवस्था लागू करने की मांग लंबे समय से की जा रही है।

कॉमरेड राम अयोध्या सिंह ने कहा कि IBA और UFBU के बीच हुए 12वें द्विपक्षीय समझौते में पांच दिवसीय बैंकिंग को लेकर सहमति बनी थी, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इस समझौते को लागू करने में कौन-सा अदृश्य दबाव बाधा बन रहा है।
प्रदर्शन में जमशेदपुर की विभिन्न बैंक शाखाओं से बड़ी संख्या में बैंक कर्मचारी और महिला कर्मचारी शामिल हुए। कर्मचारियों ने एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की और सरकार से पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग की।
कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि उनकी मांगों को लेकर आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। बैंक कर्मचारी संगठनों ने अपनी मांगों के समर्थन में चरणबद्ध तरीके से आंदोलन को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है।
