NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: जमशेदपुर और बोड़ाम में दो नाबालिग किशोरों की आत्महत्या की घटनाओं ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। एक किशोर ने शादी समारोह से लौटने के कुछ घंटे बाद फांसी लगाकर जान दे दी, जबकि दूसरे का शव जंगल में पेड़ से लटका मिला। दोनों मामलों की जांच पुलिस कर रही है।
गोविंदपुर थाना क्षेत्र के लुआबासा गांव में 17 वर्षीय चैतन्य सिंह ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों के अनुसार चैतन्य गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल हुआ था, जहां वह दोस्तों के साथ खुशी-खुशी डांस कर रहा था। रात में परिवार के सदस्य दूसरे गांव में शादी समारोह में गए हुए थे। जब वे देर रात करीब 12:30 बजे घर लौटे तो चैतन्य का शव फंदे से लटका मिला।
परिजनों ने आशंका जताई है कि गांव की एक युवती से चल रहे प्रेम प्रसंग के कारण उसने यह कदम उठाया होगा। हालांकि पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। गोविंदपुर थाना पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इधर, बोड़ाम थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में भी 16 वर्षीय वैद्यनाथ बेसरा का शव गांव से करीब 500 मीटर दूर जंगल में पेड़ से लटका मिला। बताया गया कि वह 10 मई की शाम मेला जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन अगले दिन उसका शव बरामद हुआ।
वैद्यनाथ के पिता सुनील बेसरा ने बताया कि बेटे के आत्महत्या करने के पीछे की वजह अब तक साफ नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों के अनुसार वैद्यनाथ एक अच्छा फुटबॉल खिलाड़ी था और गांव में काफी मिलनसार स्वभाव का माना जाता था।
दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई इन घटनाओं के बाद पूरे पूर्वी सिंहभूम जिले में सनसनी फैल गई है। पुलिस दोनों मामलों के हर पहलू की जांच कर रही है।

