NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: झारखंड में आयोजित B.Ed प्रवेश परीक्षा के दौरान जमशेदपुर स्थित ग्रेजुएट कॉलेज परीक्षा केंद्र पर शनिवार को उस समय हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब एक छात्रा को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिला। प्रवेश से वंचित होने के बाद छात्रा कॉलेज के मुख्य गेट पर चढ़ गई और विरोध जताने लगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, परीक्षा शुरू होने के निर्धारित समय के बाद पहुंचने के कारण छात्रा को केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। इसके बाद छात्रा ने नाराजगी जाहिर करते हुए कॉलेज गेट पर चढ़कर अपना विरोध दर्ज कराया। घटना के कारण कुछ देर के लिए परीक्षा केंद्र के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मौके पर मौजूद केंद्र प्रशासन और सुरक्षा कर्मियों ने छात्रा को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
परीक्षा केंद्र प्रशासन का कहना है कि परीक्षा नियमों के अनुसार निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जा सकता। वहीं, छात्रा का आरोप है कि मामूली देरी के बावजूद उसे परीक्षा में शामिल होने का अवसर नहीं दिया गया।
फिलहाल घटना को लेकर चर्चा का माहौल है और परीक्षा केंद्र के बाहर बड़ी संख्या में लोग जुट गए थे। हालांकि स्थिति बाद में सामान्य हो गई और परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
