NEWS LAHAR REPORTER
सरायकेला, 17 सितंबर 2026। आगामी दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर समाहरणालय सभागार, सरायकेला में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वंगीआरी समेत जिले के वरीय पदाधिकारी, थाना प्रभारी एवं विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में विधि-व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, अग्नि एवं विद्युत सुरक्षा, चिकित्सा व्यवस्था, विसर्जन घाट और रावण दहन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने और शहरी के साथ-साथ ग्रामीण मार्गों पर भी देर रात तक पुलिस गश्ती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
पंडालों में सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य
पूजा समितियों को सुरक्षित स्थानों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप पंडाल बनाने का निर्देश दिया गया। पंडालों को विद्युत तार, ट्रांसफॉर्मर, हाईटेंशन लाइन और अन्य संवेदनशील स्थानों से सुरक्षित दूरी पर रखने तथा ज्वलनशील सामग्री के इस्तेमाल से बचने को कहा गया। महिला-पुरुषों के लिए अलग प्रवेश-निकास, पर्याप्त द्वार और आपातकालीन निकासी मार्ग की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
सभी प्रमुख पूजा पंडालों में प्रकाश, पेयजल, स्वच्छता, प्राथमिक उपचार और अग्निशमन उपकरणों की व्यवस्था रखने को कहा गया। विद्युत वायरिंग में सुरक्षा और समुचित अर्थिंग सुनिश्चित करने के साथ आवश्यक सुरक्षा प्रमाण-पत्र लेने का भी निर्देश दिया गया।
विसर्जन घाटों पर गोताखोर, बैरिकेडिंग और एंबुलेंस की व्यवस्था
प्रशासन ने चिन्हित विसर्जन घाटों पर समतलीकरण, प्रकाश, बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती, पुलिस बल एवं दंडाधिकारी के साथ चिकित्सा दल और एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। पूजा समितियों को प्रशासन द्वारा निर्धारित तिथि, समय और मार्ग के अनुसार ही प्रतिमा विसर्जन करने का निर्देश दिया गया।
रावण दहन स्थल पर भी रहेगी कड़ी निगरानी
दशहरा के दौरान रावण दहन स्थल पर दर्शकों और दहन स्थल के बीच पर्याप्त सुरक्षित दूरी रखने, बैरिकेडिंग एवं भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था करने तथा अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं को तैयार रखने का निर्देश दिया गया।
रात 10 बजे के बाद DJ पर रोक
बैठक में स्पष्ट किया गया कि रात्रि 10 बजे के बाद DJ अथवा ध्वनि विस्तारक यंत्र से किसी भी प्रकार का गाना या अन्य ध्वनि प्रसारण नहीं किया जाएगा। उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
शराब और नशे पर भी प्रशासन की नजर
पर्व के दौरान अवैध शराब की बिक्री एवं परिचालन पर प्रभावी नियंत्रण रखने तथा ड्राई-डे के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। सार्वजनिक स्थानों पर शराब या नशे का सेवन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
CCTV और सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी
प्रमुख पूजा पंडालों और संवेदनशील स्थलों पर CCTV कैमरे लगाने एवं उनकी प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही सोशल मीडिया और WhatsApp ग्रुपों में अफवाह, भ्रामक या सामाजिक सौहार्द प्रभावित करने वाली सामग्री प्रसारित नहीं करने की अपील की गई।
पूजा समितियों ने सड़क मरम्मत, साफ-सफाई, अवैध पार्किंग पर नियंत्रण, स्ट्रीट लाइट, बिजली आपूर्ति, झूलते विद्युत तारों की मरम्मत और विसर्जन घाटों पर हाइड्रा जैसी व्यवस्थाओं से जुड़े सुझाव दिए। प्रशासन ने संबंधित विभागों को इन पर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने सभी पूजा समितियों से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन में सहयोग की अपील की। वहीं एसपी मनोज सर्वंगीआरी ने थाना प्रभारियों को पूजा पंडालों, पार्किंग और यातायात व्यवस्था का पूर्व निरीक्षण करने, CCTV व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया।
पूजा समिति एवं शांति समिति के सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। जिला प्रशासन ने सभी समितियों से पर्व शुरू होने से पहले सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और जनसुविधाओं से जुड़ी तैयारियां पूरी करने की अपील की।

