NEWS LAHAR REPORTER
हेल्प क्रॉस सोसाइटी एवं भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति की पहल, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने किया उपकरणों का वितरण
जमशेदपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर हेल्प क्रॉस सोसाइटी एवं भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति की ओर से सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जरूरतमंद दिव्यांगजनों के बीच कृत्रिम अंग, हियरिंग मशीन, व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल समेत विभिन्न सहायता उपकरण वितरित किए गए। बड़ी संख्या में लाभुक दिव्यांगजन कार्यक्रम में मौजूद रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने दिव्यांगजनों के बीच सहायता सामग्री का वितरण किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार देश की सेवा में सक्रिय हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों का उल्लेख करते हुए उनके कार्य और समर्पण की चर्चा की।
रघुवर दास ने कहा कि जन्मदिन को सेवा और जनकल्याण से जोड़ते हुए जरूरतमंद लोगों की सहायता करना सराहनीय पहल है। दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार कृत्रिम अंग और अन्य उपकरण उपलब्ध कराने से दैनिक जीवन में उन्हें सुविधा मिलेगी तथा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान भगवान सिंह, सरदार शैलेंद्र सिंह, पूर्व सिविल सर्जन डॉ. एके लाल तथा सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. साहिल पाल समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हेल्प क्रॉस सोसाइटी के चेयरपर्सन कुलवंत सिंह बंटी और अध्यक्ष बीके शर्मा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने लाभुकों तक सहायता सामग्री पहुंचाने में भूमिका निभाई। लाभुकों को उनकी आवश्यकता के अनुसार विभिन्न उपकरण उपलब्ध कराए गए।
सदर अस्पताल का भी किया निरीक्षण
सेवा कार्यक्रम के बाद पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सदर अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने चिल्ड्रेन ओपीडी, सामान्य ओपीडी, आईसीयू और विभिन्न वार्डों का जायजा लिया। इस दौरान चिकित्सकों एवं अस्पताल के कर्मचारियों से स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली।
उन्होंने अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों से भी बातचीत की तथा अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया गया।
सेवा कार्यक्रम में दिव्यांगजनों को जरूरत के उपकरण उपलब्ध कराने के साथ सदर अस्पताल के निरीक्षण के जरिए स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली गई।

