NEWS LAHAR REPORTER
बड़ा बाम्बू के सोमाय गगराई चौक के पास रात में फायरिंग और गाली-गलौज की सूचना पर कार्रवाई, दो बाइक व मोबाइल भी जब्त
खरसावां। आमदा ओपी क्षेत्र के बड़ा बाम्बू स्थित सोमाय गगराई चौक के पास रात में फायरिंग और गाली-गलौज की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा, उसमें फंसी एक गोली, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और दो दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर की रात करीब 1:20 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि बड़ा बाम्बू चौक के पास दो व्यक्ति फायरिंग कर रहे हैं। सूचना वरीय अधिकारियों को देने के बाद आमदा ओपी प्रभारी राम रेखा पासवान के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर मौके पर छापेमारी की गई।
पुलिस को देखते ही दोनों आरोपी भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निरंजन दास, निवासी पोटोबेड़ा और सुनील साहू, निवासी खमारडीह के रूप में हुई है।
कट्टा खोलते ही मिली फंसी हुई गोली
तलाशी के दौरान पुलिस ने निरंजन दास के पास से एक देशी कट्टा बरामद किया। पुलिस के अनुसार, कट्टा खोलने पर उसमें एक गोली फंसी हुई मिली। दोनों आरोपियों के पास से रियलमी कंपनी के दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।
दो वाहन जब्त
पुलिस ने घटना में कथित रूप से प्रयुक्त नीली एक्टिवा स्कूटी (JH22G-9540) और काली FZ-5 मोटरसाइकिल (JH06Q-8213) को भी जब्त कर लिया है।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की गई। मामले में खरसावां थाना कांड संख्या 48/2026, दिनांक 17 सितंबर 2026 के तहत BNS की विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में सुनील साहू का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फायरिंग की घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।

