NEWS LAHAR REPORTER
लखीसराय: बिहार के लखीसराय जिले में सावन की सोमवारी के दिन एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर में जलाभिषेक के लिए उमड़ी भारी भीड़ के बीच सोमवार सुबह अचानक भगदड़ मच गई। इस हादसे में 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि सावन के तीसरे सोमवार के अवसर पर सुबह से ही अशोकधाम मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक और भगवान शिव के दर्शन के लिए पहुंचे थे। भीड़ लगातार बढ़ती गई और अचानक अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। देखते ही देखते भगदड़ मच गई और कई श्रद्धालु एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बिजली का खंभा गिरने और करंट की अफवाह फैलने के बाद लोगों में घबराहट बढ़ी, जिसके बाद भगदड़ की स्थिति पैदा हुई। वहीं प्रशासन की ओर से घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

हादसे के बाद मंदिर परिसर में चीख-पुकार मच गई। पुलिस और प्रशासन की टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और मातम का माहौल है।
यह हादसा एक बार फिर बड़े धार्मिक आयोजनों में भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। सावन की सोमवारी पर हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना के बावजूद भीड़ प्रबंधन में कहीं चूक हुई या नहीं, इसकी जांच अब महत्वपूर्ण हो गई है।
सावन की सोमवारी पर जहां मंदिर में हर-हर महादेव के जयकारे गूंजने थे, वहीं भगदड़ के बाद चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
