NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: ग्रामीण परिवारों को रोजगार और आजीविका के नए अवसरों की जानकारी देने के लिए पूर्वी सिंहभूम जिले में VB-G RAM-G रोजगार सृजन अभियान शुरू किया गया है। झारखंड राज्य के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय से जागरूकता प्रचार रथ रवाना किया गया। विधायक सरयू राय और उपायुक्त राजीव रंजन ने हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया।
यह अभियान 15 से 28 नवंबर तक जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में चलाया जाएगा। इसके माध्यम से गांव-गांव पहुंचकर लोगों को विकसित भारत-रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) यानी VB-G RAM-G अधिनियम 2025 के प्रावधानों की जानकारी दी जाएगी।
अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन के साथ आजीविका के साधनों को मजबूत करना है। इसके तहत जल संरक्षण, सिंचाई, भूजल पुनर्भरण और जल स्रोतों के पुनर्जीवन जैसे कार्यों को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, सड़क संपर्क और सामुदायिक सुविधाओं से संबंधित आधारभूत संरचना के विकास पर भी जोर रहेगा।

योजना में कृषि, पशुपालन, मत्स्यपालन, कौशल विकास और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए उत्पादक परिसंपत्तियों के निर्माण को भी शामिल किया गया है। वहीं बाढ़, सूखा, चक्रवात और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से ग्रामीण क्षेत्रों को सुरक्षित रखने के लिए जलवायु अनुकूलन और आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्य किए जाएंगे।

प्रत्येक ग्राम पंचायत में स्थानीय जरूरतों के आधार पर विकास कार्यों की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इसके लिए जीआईएस आधारित तकनीक, पीएम गति शक्ति और डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर का उपयोग किया जाएगा।
इस मौके पर उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, निदेशक एनईपी और जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने ग्रामीणों से अभियान में भागीदारी करने और प्रचार रथ के माध्यम से योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने की अपील की।

