Jamshedpur : शहर में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बाबूडीह लाल भट्ठा में एक दर्दनाक हादसे में तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से एक किशोर की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि किशोर ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को संभालने में जुट गई।
बताया जाता है कि पुलिस को आते देख डंपर चालक ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे घेरकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सिदगोड़ा थाना पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया है और दुर्घटना में शामिल डंपर को भी जब्त कर लिया गया है।
दुर्घटना के समय नदी की ओर गए थे मृतक के पिता
मृतक किशोर की पहचान राज के रूप में हुई है। बताया गया कि हादसे के समय उसके पिता राजेंद्र कुमार किसी काम से नदी की ओर गए हुए थे। इसी दौरान उन्हें फोन पर सूचना मिली कि उनके बेटे का एक्सीडेंट हो गया है।
खबर मिलते ही राजेंद्र कुमार दौड़ते हुए घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनके बेटे की मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि उनका बेटा पानी लेने के लिए गया था, तभी यह हादसा हो गया।
इधर, स्थानीय लोगों ने पुलिस की देर से पहुंचने पर नाराजगी भी जताई। लोगों का कहना था कि घटना की सूचना समय पर दी गई थी, लेकिन पुलिस काफी देर से मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

