NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : गम्हरिया थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। उषा मोड़ के समीप गणेश पूजा का मेला देखकर बाइक से घर लौट रहे तीन किशोरों को पीछे से आए अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर गम्हरिया पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर भेजा गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान कोचापाड़ गांव निवासी कृष्णा पाल (16), पोयलाडीह निवासी मोहित लोहार (16) और मंगल गोप (15) के रूप में हुई है। बताया गया कि तीनों पंडालों में डेकोरेशन का काम करते थे।
हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ के साथ वाहन की पहचान में जुटी है। शवों को कब्जे में लेकर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
