NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र स्थित विजया हेरिटेज निवासी और कारोबारी निखार सबलोक (33) की सोमवार को अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। एनएच-33 स्थित चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा के पास एक होटल के समीप हुई गोलीबारी की इस घटना से शहर में सनसनी फैल गई है। अपराधियों ने निखार सबलोक पर चार गोलियां दागीं, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में टीएमएच लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, निखार सबलोक किसी काम से एनएच-33 स्थित कांदरबेड़ा के पास होटल टेंथमाइल स्टोन गए थे। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर तीन बदमाश वहां पहुंचे और उन्होंने निखार सबलोक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद निखार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद निखार सबलोक को तत्काल टीएमएच पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि उनके शरीर में चार गोलियां लगी थीं।

पुलिस ने घटनास्थल से आठ खोखे बरामद किए हैं। हत्या की वारदात के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। निखार सबलोक जमशेदपुर के जाने-माने कारोबारी बताए जाते हैं और होटल सहित कई अन्य कारोबार से जुड़े हुए थे।
घटना की जानकारी मिलने के बाद चांडिल डीएसपी के अलावा जमशेदपुर पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। एमजीएम, आजादनगर और उलीडीह थाना प्रभारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुटे हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हमलावरों की पहचान के साथ-साथ हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
फिलहाल पुलिस अपराधियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। कारोबारी की हत्या के पीछे आपसी रंजिश, कारोबारी विवाद या किसी अन्य कारण की जांच की जा रही है।
