NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के लाल बिल्डिंग स्थित गोल्डेन ज्वेलरी की बंद दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए करीब 1.5 किलोग्राम चांदी के जेवरात, वजन करने वाली दो मशीन, एक मोबाइल फोन सहित दुकान का शटर तोड़ने में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, 19 अगस्त 2026 की रात करीब 2 से 3 बजे के बीच अज्ञात अपराधकर्मियों ने लाल बिल्डिंग स्थित गोल्डेन ज्वेलरी की बंद दुकान के शटर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोर दुकान से करीब 5 से 6 लाख रुपये मूल्य के चांदी के आभूषण और वजन करने वाली मशीन लेकर फरार हो गए थे। घटना की सूचना मिलने के बाद बागबेड़ा थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर के निर्देश पर तथा पुलिस अधीक्षक (नगर) के मार्गदर्शन में पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने मानवीय सूचना संकलन और तकनीकी शाखा की सहायता से लगातार जांच करते हुए संदिग्धों की पहचान की और छापामारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोपीनाथ मुंडा उर्फ बुलेट (38 वर्ष), पिता स्व. नवीन चंद्र मुंडा, निवासी गाराबासा, डीप बोरिंग के पास, बागबेड़ा थाना क्षेत्र तथा श्रीमंतो गोप उर्फ सुमंतो (55 वर्ष), पिता स्व. गोविंदो गोप, स्थायी निवासी हल्दीपोखर मोईरापाड़ा, थाना कोवाली, वर्तमान निवासी क्वार्टर नंबर 340/01, गाराबासा, गुदरी मार्केट, बागबेड़ा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए करीब 1.5 किलोग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं। इनमें 36 चांदी के लॉकेट, 134 अंगूठियां, 6 मंगलसूत्र, 11 पान पत्ते, 9 पायल, 15 मोती की माला, 3 चांदी की चेन, 13 राखियां, 2 चांदी के सिक्के, एक बाजूबंद, 4 जोड़ी कान के टॉप्स, 4 चांदी के गदा, एक चांदी की कान्हा बांसुरी, लक्ष्मी-गणेश की 6 चांदी की मूर्तियां, 4 चांदी के शंखा-पोला, 2 जोड़ी चांदी के कड़े, घुंघरू सहित अन्य चांदी के टूटे हुए हिस्से कुल 56 पीस शामिल हैं।
इसके अलावा पुलिस ने वजन करने वाली दो मशीन, वीवो कंपनी का एक मोबाइल फोन, एक बड़ा बोल्ट कटर और एक लोहे का सब्बल भी बरामद किया है। पुलिस का मानना है कि बोल्ट कटर और सब्बल का इस्तेमाल दुकान के शटर का ताला तोड़ने में किया गया था।
पुलिस अब गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी की इस वारदात में उनके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। साथ ही, पुलिस आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड और चोरी के सामान को खपाने वाले संभावित लोगों के संबंध में भी जांच कर रही है।

