NEWS LAHAR REPORTER
Jamshedpur : ईद-ए-मिलादुन्नबी का जश्न 26 अगस्त को मनाया जाएगा। इस दिन मानगो के गांधी मैदान से पूरी शान व शौकत के साथ जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाएगा। यह जुलूस आमबगान होता हुआ धतकीडीह में खत्म होगा। जुलूस में 500 से अधिक वालंटियर तैनात रहेंगे जो लोगों पर खास नजर रखेंगे। जवानों से अपील की गई है कि वह जुलूस के दौरान शांति बनाए रखें और किसी तरह की कोई गलत हरकत नहीं करें। वरना उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जुलूस में गोलमुरी, टेल्को और जुगसलाई से आने वाले अकीदतमंद भी शामिल होंगे। जुलूस में पैदल के अलावा मोटरसाइकिलों और कारों पर सवार लोग शामिल होंगे। नात-ए-पाक की गूंज के साथ बड़े वाहनों की भी शिरकत होगी। इस जश्न की तैयारी जोर-शोर से शुरू है। यह जानकारी सोमवार को धतकीडीह में मदरसा फैजुल उलूम में प्रेस कांफ्रेंस कर तंजीम अहले सुन्नत वल जमात से जुड़े उलेमा-ए-केराम ने दी है।
मौलाना जियाउल मुस्तफा कादरी ने बताया कि धतकीडीह सेंटर मैदान में तकरीर और नातख्वानी के बाद कार्यक्रम समाप्त होगा। यहां लोगों के बीच लंगर तकसीम किया जाएगा। अकीदतमंदों को खाना खिलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी जुलूस कमेटियों और मस्जिदों के पेश इमामों के जरिए जवानों से अपील की गई है कि वह इस जुलूस में किसी तरह की ऐसी हरकत नहीं करें जिससे छवि खराब हो। जुलूस के दौरान स्टंट करना, उछलकूद करना, किसी तरह के असलहे लाना, डांस करना आदि को सख्ती के साथ मना कर दिया गया है। ऐसे लोगों पर खास नजर रखी जाएगी। जो लोग ऐसी हरकत करेंगे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
उलेमा ने बताया कि ईद-ए-मिलादुन्नबी की तैयारी में मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में परचम, पोस्टर और बैनर लगाए जा रहे हैं। मानगो के गांधी मैदान से साढ़े आठ बजे जुलूस निकलेगा। मानगो के रोड नंबर एक से दो तक कोई वाहन नहीं लगने दिए जाएंगे। यहां अवाम होगी। जुलूस में सबसे आगे उलेमा-ए-केराम होंगे। उनके पीछे पैदल लोग और तब गाड़ियां होंगी। जुलूस साढ़े 10 बजे या 11 बजे तक आमबगान पहुंच जाएगा। यहां उलेमा की तकरीर होगी। इसके बाद जुलूस धतकीडीह की तरफ रवाना होगा।

