NEWS LAHAR REPORTER
सरायकेला-खरसावां, 24 अगस्त 2026: जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग का अभियान लगातार जारी है। उपायुक्त के निर्देश और उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में सोमवार को नीमडीह थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई।
आसूचना के आधार पर झारखंड उत्पाद विभाग और पश्चिम बंगाल उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने पश्चिम बंगाल सीमा से सटे लाकड़ी एवं चतरमा गांव में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान टीम ने तीन अवैध चुलाई भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया।
छापेमारी के दौरान मौके से 1500 किलोग्राम जावा महुआ और 50 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब बरामद की गई। बरामद अवैध उत्पाद को नियमानुसार जब्त कर लिया गया है।
संचालकों पर दर्ज होगा अभियोग
विभाग के अनुसार, अवैध चुलाई अड्डों के संचालकों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज ने कहा कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन अथवा बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री या परिवहन से संबंधित किसी भी जानकारी की सूचना तत्काल प्रशासन अथवा उत्पाद विभाग को दें, ताकि इस अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके।

