NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। आरोपी के पास से एक लोडेड देसी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। गिरफ्तार युवक की पहचान सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर-2 निवासी 19 वर्षीय निहाल कुमार गुप्ता के रूप में हुई है, जो आरआईटी थाना क्षेत्र का रहने वाला है।
शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी एसपी ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बेलीबोधन घाट के आसपास एक युवक हथियार लेकर घूम रहा है और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में है।
सूचना मिलने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) और डीएसपी सीसीआर के मार्गदर्शन में बिष्टुपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम जब बताए गए स्थान पर पहुंची तो एक युवक संदिग्ध स्थिति में दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान युवक के पास से एक देसी पिस्तौल और उसमें लगा एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह लोगों में भय और दहशत का माहौल बनाने तथा उन्हें डराने-धमकाने के उद्देश्य से हथियार अपने पास रखता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

