जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र में चोरी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। चोरों ने खासमहाल इलाके में स्थित एक कपड़ा दुकान को निशाना बनाते हुए नकदी पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि चोरी से पहले चोरों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए सीसीटीवी कैमरे के साथ भी छेड़छाड़ की।
यह घटना कांग्रेस पश्चिमी काली माटी पंचायत अध्यक्ष ताहिर मलिक की कपड़ों की दुकान एसके फैशन गारमेंट्स में घटी। जानकारी के अनुसार, बीती रात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखी नकदी चोरी कर फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई देता है कि चोरों ने दुकान के बगल में लगे कैमरे का मुंह ऊपर की ओर मोड़ दिया, जिससे उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड नहीं हो सकीं। बताया जा रहा है कि यह पूरी वारदात रात करीब ढाई बजे अंजाम दी गई।
सुबह जब दुकानदार ताहिर मलिक दुकान पहुंचे, तो ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना परसुडीह थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। साथ ही, पुलिस ने दुकान और आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि चोरों तक पहुंचा जा सके।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

