News Lahar Reporter
जमशेदपुर : भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान के तहत पूर्वी सिंहभूम जिले में 18 जुलाई और 20 जुलाई को विशेष मतदाता शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराए जाएंगे और उन्हें भरने व जमा करने में भी सहायता दी जाएगी।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त द्वारा जारी निर्देश के अनुसार जिले के शहरी क्षेत्रों में गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन की गति अपेक्षाकृत धीमी पाई गई है। इसी को ध्यान में रखते हुए अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंचने के लिए विशेष शिविर लगाने का निर्णय लिया गया है।
30 जून से 29 जुलाई 2026 तक चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत मतदाता सूची के सत्यापन का कार्य किया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य सभी पात्र मतदाताओं से गणना प्रपत्र प्राप्त कर समय पर प्रक्रिया पूरी करना है।
इन विधानसभा क्षेत्रों में लगेगा शिविर
18 और 20 जुलाई को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित मतदान केंद्रों पर शिविर लगाए जाएंगे। इनमें पोटका (अनुसूचित जनजाति) विधानसभा क्षेत्र के जमशेदपुर प्रखंड के मतदान केंद्र संख्या 1 से 104, जुगसलाई (अनुसूचित जाति) विधानसभा क्षेत्र के जुगसलाई नगर परिषद के मतदान केंद्र संख्या 156 से 203 तथा जमशेदपुर प्रखंड के मतदान केंद्र संख्या 204 से 381 शामिल हैं। इसके अलावा जमशेदपुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के सभी 303 और जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के सभी 348 मतदान केंद्रों पर भी विशेष शिविर आयोजित होंगे।
मतदाताओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था
शिविरों में संबंधित बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, स्वयंसेवक, स्वयं सहायता समूह के सदस्य और सीआरपी मौजूद रहेंगे। ये सभी मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराने, उसे भरने और जमा कराने में आवश्यक सहयोग देंगे।
प्रशासन ने निर्देश दिया है कि सभी शेष गणना प्रपत्र मतदाता क्रम के अनुसार व्यवस्थित रखे जाएं, ताकि किसी भी मतदाता को प्रपत्र प्राप्त करने में परेशानी न हो। यदि कोई मतदाता अपने मतदान केंद्र क्षेत्र से बाहर रह रहा है तो वह अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर गणना प्रपत्र प्राप्त कर सकता है।
जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे 18 और 20 जुलाई को आयोजित विशेष शिविर में पहुंचकर गणना प्रपत्र प्राप्त करें और समय पर प्रक्रिया पूरी कर मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

