NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन पब एंड बार के बाहर हुए चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद जिला प्रशासन ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए डबल डाउन पब एंड बार को सील कर दिया। यह कार्रवाई आला अधिकारियों के निर्देश पर की गई। हत्याकांड के बाद पूरे शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर उठे सवालों और जनता के बढ़ते आक्रोश के बीच प्रशासन ने यह कदम उठाया है।
बताया जा रहा है कि इस हत्याकांड की गूंज पूरे झारखंड में सुनाई दे रही है। घटना के बाद लोगों ने विरोध-प्रदर्शन करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मुख्यालय स्तर पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है।
इसी क्रम में जमशेदपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक दुबे समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। वहीं, जिला प्रशासन ने डबल डाउन पब एंड बार को सील कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी
हिमांशु सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। कई संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी की गई है। पुलिस पर जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का दबाव बना हुआ है।
परिजनों ने की एनकाउंटर की मांग
हिमांशु सिंह के परिजनों ने सिटी एसपी के समक्ष आरोपियों के एनकाउंटर की मांग उठाई है। उनका कहना है कि यदि अन्य राज्यों में गंभीर अपराधों के मामलों में पुलिस मुठभेड़ की कार्रवाई होती है, तो जमशेदपुर में भी अपराधियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाने चाहिए। हालांकि, पुलिस की ओर से इस मांग पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। फिलहाल पुलिस का पूरा फोकस आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच पर है।
