NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम पुलिस को चोरी और छिनतई के मामलों में बड़ी सफलता मिली है। एमजीएम और सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में हुई आधा दर्जन से अधिक चोरी-छिनतई की घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने पांच शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 33 मोबाइल फोन, सोने-चांदी के आभूषण, दो चोरी की स्कूटी और वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
एमजीएम थाना कांड संख्या 89/2026 के उद्भेदन के लिए ग्रामीण एसपी के मार्गदर्शन और पटमदा एसडीपीओ दयानंद कुमार के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था। टीम में एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
नई वारदात की तैयारी में जुटे थे आरोपी
पुलिस को सूचना मिली थी कि एमजीएम अस्पताल परिसर के आसपास गिरोह के सदस्य चोरी और छिनतई की एक और वारदात को अंजाम देने के लिए एकत्रित हुए हैं। इसके बाद एसआईटी ने इलाके की घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को दबोच लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने संगठित गिरोह बनाकर जमशेदपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मोबाइल, पर्स, मोटरसाइकिल, स्कूटी और चेन चोरी व छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अपराधियों और उनके पास से बरामद सामान के मिलान के बाद एमजीएम और सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छह गंभीर मामलों का खुलासा हुआ है। मामले में एमजीएम थाना में कांड संख्या 98/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में नया मामला भी दर्ज किया गया है
इन मामलों का हुआ खुलासा
* तुरियाबेड़ा में महिला से छिनतई किए गए सोने के लॉकेट लगे मोती के माला की बरामदगी।
* एमजीएम अस्पताल से चोरी हुए वीवो कंपनी के मोबाइल की बरामदगी।
* एमजीएम अस्पताल से चोरी हुए मोटो जी57 पावर मोबाइल की बरामदगी।
* एमजीएम अस्पताल में रुपये की पॉकेटमारी के मामले का उद्भेदन।
* एमजीएम अस्पताल पार्किंग से चोरी हुई एक्टिवा स्कूटी जेएच05डीएफ 9953 की बरामदगी।
* मानगो बस स्टैंड से चोरी हुई बिना नंबर की यामाहा फैशिनो स्कूटी की बरामदगी।
33 मोबाइल, आभूषण और तीन वाहन बरामद
पुलिस ने आरोपियों की व्यक्तिगत तलाशी और तुषार कालिंदी की निशानदेही पर बागुनहातु इलाके से कुल 33 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनमें आईफोन, वीवो, ओप्पो, रियलमी और सैमसंग समेत विभिन्न कंपनियों के एंड्रॉयड और कीपैड मोबाइल शामिल हैं।
इसके अलावा एक सोने का लॉकेट, चांदी के माला में सिटीगोल्ड का मंगलसूत्र, तीन पतली चांदी की चेन और एक कान का टॉप भी बरामद किया गया है। पुलिस ने दो चोरी की स्कूटी के साथ छिनतई की घटना में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल संख्या JH05DX 1935 को भी जब्त किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बागुनहातु निवासी तुषार कालिंदी उर्फ तुषार भाई, सन्नी कालिंदी उर्फ नंदू, लक्ष्मण बागती, आकाश दत्ता उर्फ चेपा और सावन देवगम उर्फ बच्चा के रूप में हुई है। सभी आरोपी सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बागुनहातु इलाके के रहने वाले हैं।
पुलिस के मुताबिक आकाश दत्ता उर्फ चेपा और सावन देवगम उर्फ बच्चा का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और बरामद मोबाइलों के वास्तविक मालिकों के संबंध में भी जांच कर रही है।

