जमशेदपुर: शहर के साकची थाना क्षेत्र स्थित साकची गुरुद्वारा के पीछे शनिवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आकर वहां खड़ी 5 बाइक और कई साइकिल जलकर पूरी तरह खाक हो गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि पास की बस्ती में कचरा जलाया गया था। इसी दौरान आग धीरे-धीरे फैलते हुए आगे बढ़ गई और वहां खड़ी बाइक व साइकिलों को अपनी चपेट में ले लिया।
दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को समय रहते बुझा दिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि तब तक कई बाइक बुरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो चुकी थीं। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

