NEWS LAHAR REPORTER
रांची/जमशेदपुर। जमशेदपुर के बिष्टूपुर स्थित डबल डाउन (DD Bar) के बाहर करणी सेना नेता हिमांशु सिंह की हत्या के बाद पद से हटाए गए तत्कालीन जमशेदपुर SSP पीयूष पांडेय और सरायकेला-खरसावां की तत्कालीन SP निधि द्विवेदी समेत पांच IPS अधिकारियों को जल्द नई जिम्मेदारी मिलने की चर्चा तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार, इन अधिकारियों की नई पदस्थापना को लेकर प्रस्ताव गृह विभाग को भेजा गया है। हालांकि, नई जिम्मेदारियों को लेकर आधिकारिक अधिसूचना अभी जारी नहीं हुई है।
गौरतलब है कि DD बार हत्याकांड के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कानून-व्यवस्था में कथित लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए पीयूष पांडेय और निधि द्विवेदी को उनके पदों से तत्काल प्रभाव से हटाकर पुलिस मुख्यालय से संबद्ध करने का निर्देश दिया था।
दोनों अधिकारी पति-पत्नी हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद दोनों जिलों में नए पुलिस कप्तानों की नियुक्ति भी कर दी गई थी। पूर्वी सिंहभूम में एहतेशाम वकारिब को SSP तथा सरायकेला-खरसावां में मनोज स्वर्गियारी को SP बनाया गया।
अब पुलिस महकमे में चर्चा है कि पुलिस मुख्यालय से संबद्ध चल रहे इन अधिकारियों को नई जिम्मेदारी देकर जल्द नियमित पदस्थापना दी जा सकती है। हालांकि पांचों IPS अधिकारियों के नाम और प्रस्तावित पदों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।

