NEWS LAHAR REPORTER
चांडिल: ईचागढ़ की विधायक Savita Mahato ने रविवार को चांडिल प्रखंड क्षेत्र में लगभग 35 लाख रुपये की लागत से निर्मित चार पीसीसी सड़कों का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने चांडिल डैम रोड में जिला परिषद मद से बनने वाली पक्की नाली निर्माण योजना का भी शिलान्यास किया।
विधायक ने विभिन्न गांवों में शिलापट्ट का अनावरण कर सड़कों को जनता को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क, नाली और पेयजल जैसी आधारभूत सुविधाएं विकास की आधारशिला हैं। लंबे समय से ग्रामीणों द्वारा सड़क निर्माण की मांग की जा रही थी, जिसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया गया है।
उद्घाटन किए गए कार्यों में आसनबनी पंचायत के तालगोड़ा में पुराना टीसी एनएच-33 मार्ग से तालगोड़ा स्कूल तक 300 फीट पीसीसी सड़क एवं पुलिया निर्माण, तामुलिया के बारी कॉलोनी में 550 फीट पीसीसी सड़क, चिलगु पंचायत के भुईयांडीह टोला में 400 फीट तथा सिकली में 500 फीट पीसीसी सड़क का निर्माण शामिल है। इन सभी योजनाओं पर कुल लगभग 35 लाख रुपये की लागत आई है।
इसके अलावा जिला परिषद सरायकेला-खरसावां से स्वीकृत 5.98 लाख रुपये की लागत से चांडिल डैम रोड में समीर की दुकान से जगदीश सिंह के घर तक पक्की नाली निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल समस्या से विधायक को अवगत कराया। इस पर विधायक ने शीघ्र चापाकल निर्माण कराने का आश्वासन देते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, नाली, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करना है। उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने का भरोसा दिलाया।
मौके पर जिला परिषद सदस्य पिंकी लायेक, झामुमो केंद्रीय सदस्य ओम प्रकाश लायेक, जिला सचिव बैधनाथ टुडू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।

